मालंच नई सुबह

सच हार नही सकता

तिरहुत

*नेपाल के वीरगंज में सांप्रदायिक हिंसा, सेना तैनात,पथराव-लाठीचार्ज से कई घायल, रक्सौल बाजार में लोगों का आना-जाना हुआ कम

मोतिहारी/प्रतिनिधि/अरबिंद कुमार ब्यूरो चीफ तिरहुत(मालंच नई subah):-नेपाल के वीरगंज महानगरपालिका-11 के श्रीपुर क्षेत्र में रविवार शाम दो समुदायों के बीच हुई हिंसा के बाद तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एक मामूली विवाद ने सांप्रदायिक रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल के बाद नेपाल सेना को तैनात करना पड़ा।वीरगंज से बड़ी संख्या में लोग रक्सौल में खरीदारी करने आते हैं, लेकिन हिंसा के बाद रक्सौल बाजार में नेपाल से लोगों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। हिंसा के बाद सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नेपाल से आने वाले लोगों को आईडी कार्ड जांच कर के ही भारत मे प्रवेश करने दिया जा रहा है।कल बीते दिन बीरगंज में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद आज बीरगंज में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। कर्फ्यू लागू होने के बाद भारत नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वही गाड़ियों के आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। लोग पैदल ही आना जाना कर रहे हैं। नेपाल से आने वाले प्रत्येक नागरिकों का गहनता से जांच कर के ही भारत में प्रवेश करने दिया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद पथराव शुरू हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आईं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।सूत्रों ने बताया कि जब उग्र भीड़ ने पुलिस का घेरा तोड़कर दूसरे पक्ष की बस्तियों की ओर बढ़ने का प्रयास किया, तब अतिरिक्त सुरक्षा बलों को बुलाया गया। सेना के पहुंचने के बाद उपद्रवी पीछे हट गए। फिलहाल पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील है और सुरक्षा बल लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पर्सा के प्रमुख जिला अधिकारी भोला दहाल ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, पुलिस अधीक्षक सुदीप पाठक ने चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा न करने का आग्रह किया है।प्रशासन के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इलाके में अभी भी भारी तनाव और अविश्वास का माहौल बना हुआ है। वीरगंज में हिंसा से लोग भयभीत हैं, जिसका असर स्थानीय बाजार पर भी पड़ा है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *